होली पर हर तरफ एक—दूसरे को रंग लगाने की होड़ मची होती है, लेकिन ये हंसते—खिलखिलाते रंग आपकी जेब बदरंग भी कर सकते हैं।
अक्सर कई बार हम भूलवश या गलतफहमी के चलते अपनी जेब में रखे नोटों की तरफ कोई ध्यान नहीं देते। इसके चलते जब हम होली खेलने निकलते हैं तो खुशियों के ये रंग हमारे चेहरे के साथ—साथ हमारी जेब में रखे हरे—हरे नोटों को भी रंग देते हैं। इसके बाद हम इन पर लगे रंग को हटाने की काफी मशक्कत करते हैं लेकिन इस मेहनत का नोटों पर चढ़े रंगों पर कोई असर नहीं होता।
बैंकिग व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि इस तरह के रंगीन नोट बैंक में जमा करवाने में लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। क्लीन नोट पॉलिसी के तहत बैंकों ने ऐसे नोटों को स्वीकार करना अब करीब—करीब बंद कर दिया जिन पर किसी ने पैन से लिख दिया हो, जो स्टेपल हो या फिर होली के रंगों में रंगे हो। हालांकि इस बारे में अभी कोई गाइडलाइन जारी नहीं हुई है कि बैंक रंग लगे नोटों को लेगा या नहीं। हमने जब ऐसे रंग लगे नोटों के बारे में बैंक अधिकारियों से बात की तो वे साफ शब्दों में कहने से कतराते दिखे। उधर, इस सम्बंध में लोग अब मैसेज के जरिये एक—दूसरे को जागरूक भी करने लगे हैं।