मोदी सरकार की योजनाओं की राज्यपाल ने तारीफ करते हुए इन्हें विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रमों में शामिल करने की बात कही है।
राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने केंद्र सरकार की योजनाओं को युगांतकारी और क्रांतिकारी मानते है। राज्यपाल ने इसके लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखने की भी बात कही।
दरअसल, राज्यपाल कल्याण सिंह आज कोटा के यूआईटी आॅडिटोरियम में आयोजित वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय के दसवें दीक्षांत समारोह में बोल रहे थे। देश की मौजूदा सरकार कई युगांतकारी और क्रांतिकारी योजनाएं लेकर आ रही हैं। ऐसे में विश्वविद्यालयों को इन योजनाओं को अपने पाठ्यक्रमों में स्थान देकर देश को बदलने की मुहीम में भागीदार बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचारों में सहयोग के लिए वह खुद भी केन्द्र सरकार को एक पत्र लिखने जा रहे हैं।
इस मौके पर उन्होंने विभिन्न परीक्षाओं में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और पीएचडी की पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों को उपाधियों का वितरण किया। दीक्षांत समारोह में कुलपति प्रो. अशोक शर्मा, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नागेश्वर राव ने भी विद्यार्थियों को सम्बोधित किया।