राजस्थान में सरकारी डॉक्टरों से उनकी जाति पूछने का मामला सामने आने के बाद सरकार ने सतर्कता दिखाते हुए सफाई दी है। अब मामले में सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं।
प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ ने कहा है कि सरकार की ओर से डॉक्टरों की जाति पूछने को लेकर कोई आदेश नहीं निकाला गया है। यदि ऐसा कोई आदेश किसी ने निकाला है तो वे इसकी जांच कराएंगे। उन्होंने इस सम्बंध में चिकित्सा—स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख शासन सचिव वीनू गुप्ता से मामले की जांच कराने की बात कही है और इस सम्बंध में आदेश भी निकाले हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार को डॉक्टरों से उनकी जाति पूछने के आदेश को लेकर प्रदेशभर में चर्चाओं का दौर था। यह आदेश निदेशालय, चिकित्सा—स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सेवाएं की ओर से निकालने की बात सामने आई थी। जिसके तहत बीकानेर, जोधपुर, बाड़मेर और नागौर में कार्यरत डॉक्टरों से उनका नाम, जाति और वे वहां कब से कार्यरत है, आदि की जानकारी ईमेल से मांगी गई थी।