कोटा में आए दिन हो रही मोबाइल और पर्स लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की नींद उड़ाने वाले कोई और नहीं बल्कि बच्चा गैंग थी, जो अब पुलिस के हत्थे चढ़ गई है।
पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार उसके 9 नाबालिग साथियों को भी निरूद्ध किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 25 लूटे गए मोबाइल भी बरामद किए हैं। साथ ही, पुलिस ने 5 बाइक भी बरामद की है जिससे यह वारदात को अंजाम देते थे। सिटी एसपी अंशुमन भोमिया ने बताया कि इस गैंग का सरगना गोविंद कालोसिया था, जो पहले पुलिस के हत्थे चढ़ा। इसके बाद पूरी बच्चा गैंग का भी पता चला जो शहर के गुमानपुरा, दादाबाड़ी, विज्ञान नगर सहित कोचिंग संस्थानों वाले क्षेत्र में लगातार मोबाइल और पर्स लूट की वारदात को अंजाम दे रही थी। गैंग में शामिल कुछ बच्चे पहले भी इस तरह की वारदात करने में लिप्त रहे हैं, जिनके प्रकरण विभिन्न थानों में दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस सभी से पूछताछ में जुटी है। अन्य वारदात खुलने की भी पुलिस को उम्मीद है।