20 लाख रुपए के AC समेत गिरफ्तार गैंग का मुख्य सरगना
- फोटो : Amar Ujala
हाइवे पर ट्रकों में लदा सामान लूटने वाली गैंग के मुख्य सरगना समेत दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हरियाणा, उत्तरप्रदेश और राजस्थान में सक्रिय ये गैंग अब तक करीब पांच करोड़ से ज्यादा का माल लूट चुकी है।
अलवर जिले के नीमराणा पुलिस ने हाइवे पर लूट करने वाली एक कुख्यात गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने यूपी निवासी गैंग के मुख्य सरगना तौसिफ और उसके साथी विनोद को अरेस्ट किया है। बदमाशों ने NH-8, हरियाणा, यूपी और एनसीआर में करीब 20 वारदात करना कबूल किया है और इस गैंग में डेढ़ दर्जन बदमाश शामिल हैं।
गैंग ने 20 अगस्त को NH-8 पर मोहलड़िया गांव के पास खड़े ट्रक को लूट लिया। इस ट्रक में डाईकिन कंपनी के 40 एयरकंडीशन थे। लूटे गए माल की कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई थी। इस संबंध में फौलादपुर निवासी भूपसिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। इसके बाद एक्शन में आई नीमराणा पुलिस ने सीसीटीवी के फुटेज खंगाले और इस लूटपाट करने वाली गैंग के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस ने आरोपियों तौसिफ और विनोद से लूटे गए 40 एसी बरामद किए गए हैं।
विरोध करने पर मौत के घाट उतार देती थी गैंग
पुलिस की गिरफ्त में गैंग का मुख्य सरगना तौसिफ और विनोद
- फोटो : Amar Ujala
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन ने बताया कि यह गैंग अब तक करीब 5 करोड़ से अधिक के माल लूट चुकी है। इस गैंग ने राजस्थान, हरियाणा और यूपी में करीब 20 वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि यह गैंग लूट के दौरान विरोध करने वाले ट्रक ड्राइवर को मौत के घाट उतार देती थी। कोटपूतली में इस गैंग ने प्लास्टिक के दाने से भरे ट्रक को लूटा था, विरोध करने पर इसके ड्राइवर की हत्या कर दी थी।
यूं देते थे वारदात को अंजाम
loot demo pic
यूपी के गाजियाबाद और आसपास के डेढ़ दर्जन बदमाश अलग-अलग टीम बनाकर हाइवे पर वारदातों को अंजाम देते थे।
गैंग के लोग दो गाड़ियां लेकर आते थे। जिसमें एक छोटी गाड़ी और दूसरा ट्रक लेकर आता था। इसके बाद गैंग रास्ते से गुजरते किसी एक ट्रक को चिन्हित कर उसके ड्राइवर को धमकाकर एवं उससे मारपीट कर उसके ट्रक का अपने ट्रक में भरकर फरार हो जाते थे। इसके बाद यूपी में दलालों से माल को खुर्दबुर्द कर देते थे। पुलिस ने इस गैंग के अन्य 16 बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए एक टीम का गठन किया है।