दिल्ली से संचालित एक कंपनी ने जोधपुर के कई लोगों से सोशल साइट के पेज लाइक कराने के एवज में कमाई का झांसा देकर करोड़ों की ठगी की है। पीड़ितों ने अदालत के मार्फत पुलिस की शरण ली है। अब पुलिस ने धोखाधड़ी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 11 में रहने वाले सवाईलाल पुत्र प्रभुलाल माहेश्वरी ने इस्तगासे के जरिये प्रतापनगर थाने में मामला दर्ज करवाया है। इसमें बताया गया है कि उसके मोबाइल पर गत वर्ष दिल्ली की एक कंपनी जीवनदाता इंडस्ट्रीज नाम से मैसेज मिले थे। जिसमें कंपनी ने सदस्यता के लिए कहा था। इस पर वह कंपनी के ओर से बताए गए नियमों के आधार पर जुड़ गया और पहली बार में 34 हजार 517 रुपए रुपए जमा कराए। बदले में कंपनी की सोशल साइट पर पेज लाइक करने पर उसके खाते में प्रति लाइक पर 8 रुपए आने लगे। इस पर उसने अपने परिवार व रिश्तेदारी में करीबन 15 लोगों के रुपए इनवेस्ट कर डाले।
कंपनी की ओर जोधपुर आकर प्रतिनिधि होटलों में सेमिनार करते और अच्छे निवेश वालों को पुरस्कृत कर जाते थे। धीरे—धीरे सवाईलाल ने कई और लोगों को भी इससे जुड़वा दिए। अपने परिवार व रिश्तेदारों के करीब सवा पांच लाख रुपए कंपनी में लगा दिए। मगर बाद में कंपनी के प्रतिनिधियों ने फोन उठाने बंद करने के साथ ही साइट ही बंद कर दी। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामले में करोड़ों की ठगी होने की आशंका जताई है। अब इसकी जांच प्रताप नगर पुलिस थाने के एसआई जसराज कर रहे हैं। सख्त कार्रवाई की जाए।