जयपुर के पास शाहपुरा में रविवार सुबह एक शराबी ने पानी की टंकी पर चढ़कर नौटंकी की। करीब दो घंटे चले उसके तमाशे के बाद उसे बड़ी मुश्किल से नीचे उतारा।
शाहपुरा कस्बे के उपखंड कार्यालय के सामने टंकी पर एक शराबी चढ़ गया और हंगामा मचाने लगा। कभी वह पैर लटकाकर बैठ जाता तो कभी नीचे गिरने की धमकी देता। कभी इधर—उधर टहलता और फिर गालियां बकता। इसे देखने के लिए तमाशबीनों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी और जयपुर से रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची।
उसे समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया तो वह अधिकारियों—कर्मचारियों को गालियां बकने लगा। शाहपुरा एसडीएम रवि विजय, तहसीलदार सूर्यकांत शर्मा और थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राठौड़ भी वहां पहुंच गए।
काफी देर तक वह नीचे नहीं उतरा तो चार युवक उस तक जैसे—तैसे पहुुंचे और उसे समझाबुझाकर नीचे उतार। इस शराबी युवक का नाम रमजान है और वह चिमनपुरा का रहने वाला है। बाद में इस युवक को जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेज दिया गया।