उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय में उपचार के दौरान लापरवाही ने फिर एक स्वाइन फ्लू मरीज की जान ले ली। मामले में अब पीड़ित पति ने रवींद्रनाथ टैगोर राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य को पत्र लिखकर लापरवाही का आरोप लगाया है।
दरअसल, बांसवाड़ा निवासी हेमराज सिंह की पत्नी संगीता (45) को गंभीर हालत में 30 अगस्त को महात्मा गांधी चिकित्सालय, बांसवाड़ा से उदयपुर रैफर किया गया था। यहां उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय में जांच में संगीता को स्वाइन फ्लू पॉजीटिव पाया गया। इसकी रिपोर्ट हेमराज को वाट्स-एप पर मिली। रिपोर्ट के आधार पर 31 अगस्त को संगीता को वेंटिलेटर पर लिया गया।
इसके बाद 1 सितम्बर को लिए गए दूसरे नमूने की जांच में संगीता को स्वाइन फ्लू नेगेटिव पाया गया। इस पर वार्ड में नियुक्त चिकित्सकों ने संगीता को तत्काल वेंटिलेटर से हटा दिया। साथ ही उसे इमरजेंसी आईसीयू में शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया। इमरजेंसी आईसीयू में शिफ्ट करने से पहले संगीता को सांस लेने में तकलीफ हुई और इसके बाद आए अटैक के दौरान उसने दम तोड़ दिया।