मुकंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में आग
माउंट आबू के जंगलों में लगी आग अभी ठंडी नहीं हुई थी कि कोटा के मुकंदरा हिल्स के जंगलों में लगी आग और भड़क चुकी है। इन जंगलों में रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के बढ़ते बाघों बसाने की योजना थी। लेकिन जंगल के 1500 हैक्टेयर में आंग का तांडव जारी है।
जानकारी के अनुसार पिछले चार दिनों के भीतर रिजर्व के 500 हेक्टेयर में फैली आग ने विकराल रूप धारण करते हुए अब तक 1500 हेक्टेयर से भी ज्यादा के क्षेत्र को प्रभावित कर दिया है। आग बेकाबू होते देख बृहस्पतिवार सुबह से हैलीकॉप्टर की मदद से आग बुझाने का प्रयास प्रारंभ किया गया है। इंडियन एयरफोर्स के हैलीकॉप्टर को बुधवार को ही कोटा बुला लिया गया था। हैलीकॉप्टर चंबल नदी से पानी भरकर जंगल में फैली आग को काबू करने में जुटे हैं।
गौरतलब है कि इस रिजर्व में टाइगर के पुर्नस्थापन की प्रक्रिया चल रही है। विभाग के अनुसार आग तीन दिन पूर्व सबसे पहले कोर एरिया के सेल्जर व कड़प के खाल में लगी। आग के विकराल रूप धारण करने के कारण एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को लगाया गया है।
साथ ही, विभिन्न विभागों के 250 से अधिक कर्मचारी आग बुझाने में जुटे हैं। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है इस घटना की जांच की जाएगी, यदि आग जान—बूझकर लगाई गई है, तो दोषियों का पता लगाया जाएगा और उनसे सख्ती से निपटा जाएगा।
मुकंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में पिछले माह भी आग लग गई थी। वहीं अब वन विभाग की फायर लाइन पर भी सवाल उठ रहा है कि दो दिन में आग इतनी फैल कैसे गई।