राजस्थान के अलवर में आज टेल्को चौराहे के पास स्थित एक कार शोरूम के बाहर आग धधक पड़ी। इसे देखकर लोगों में एकबारगी तो हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, यहां शिवाजी पार्क थाना अंतर्गत स्थानीय टेल्को चौराहे के समीप स्थित एमजी कार शोरूम के बाहर ग्लोसाइन बोर्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने भयावह रूप ले लिया। जिससे कंपनी में हड़कंप मच गया। सभी कर्मचारी कंपनी से बाहर एकत्रित हो गए। ग्लोसाइन बोर्ड के अंदर ट्यूब लाइट लगाई हुई थी, जो अचानक स्पार्किंग के बाद धमाके में बदल गई। इससे बोर्ड में प्लास्टिक का कवर होने के कारण आग तुरंत फैल गई। आग से बिजली के तार भी जल गए। जिसके बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर विद्युत सप्लाई बंद की। कंपनी कर्मचारियों ने कंपनी में मौजूद उपकरणों की सहायता से आग पर काबू पाया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।