विश्वकर्मा इण्डस्ट्रीयल क्षेत्र में आग
आग की घटनाओं में दिन—प्रतिदिन हो रही वृद्धि प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है। मंगलवार को जयपुर में दो स्थानों पर लगी आग के कारण करोड़ों रुपए का नुकसान हो गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जयपुर के विश्वकर्मा इण्डस्ट्रीयल क्षेत्र में एक दाल की फैक्ट्री और एक इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में आग लग गई। आग इतनी भीषण है कि करीब पांच घंटे बाद भी आग पर काबू पाया नहीं जा सका है। प्रशासन को आग की सूचना के बाद मौके पर 30 से ज्यादा दमकल की गाड़ियां पहुंची। आग के कारणों का तो अभी तक पता नहीं लग सका है लेकिन आग के कारण इलेक्ट्रॉनिक सामान से भरा गोदाम पूरी तरह से जल गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस गोदाम में बड़ी संख्या में एसी और फ्रिज रखे हुए थे। आग के कारण इण्डस्ट्रीयल क्षेत्र में चारों ओर धुंआ फैल गया है। जिसके कारण लोगों को सांस लेने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।