कोटा के उद्योग नगर इलाके के प्रेम नगर द्वितीय के एक मकान में चल रहे नकली घी के कारोबार का आज भंडाफोड़ हुआ है।
उद्योग नगर थानाधिकारी लाकेन्द्र पालीवाल ने दिनेश त्यागी और रविन्द्र मलिक के नेतृत्व में टीम गठित की। इसके बाद कार्रवाई करते हुए नकली घी का कारोबार कर रहे खुद मकान मालिक बृजेश गुप्ता को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 20 किलो नकली घी बरामद किया है जो मिलावट करके देशी की तरह बनाया गया था। संचालक इसी घी को ब्रांडेड कंपनियों के नाम से पैक कर बाजार में बेचता था। पुलिस ने मौके से एक हजार किलो घी का कच्चा माल भी बरामद किया है।
साथ ही पुलिस ने घी को तैयार करने वाली सामग्री और पैकिंग मशीन सहित ब्रांडेड कंपनियों के रेपर व खोखे बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी बृजेश गुप्ता से पूछताछ कर रही है कि अब तक उसने बाजार में कितना माल सप्लाई किया है और किस व्यापारी को कितना माल बेचा है।