बोर्ड परिसर स्थित मां सरस्वती मन्दिर
- फोटो : amar ujala
राजस्थान के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा है कि देश में परीक्षा लेने वाली संस्थाओं के सामने जहां विश्वसनीयता का संकट है वहीं राजस्थान बोर्ड की परीक्षाओं की विश्वसनीयता दशकों से अव्वल दर्जें की रही है।
गृहमंत्री कटारिया शुक्रवार को राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों से अनौपचारिक चर्चा कर रहे थे। बोर्ड के अध्यक्ष प्रो.बी.एल. चौधरी ने गृहमंत्री को जानकारी दी कि पूर्व के वर्षों के बोर्ड से जुड़े सभी परीक्षा दस्तावेज अगले वर्ष से परीक्षार्थी विश्व में कहीं भी आॅनलाइन प्राप्त कर सकेंगे। बोर्ड ने इस माह से विद्यालयों को सम्बद्धता देने की सम्पूर्ण प्रक्रिया को आॅनलाइन कर दिया है। बोर्ड की सचिव मेघना चौधरी ने बताया कि ई-वाॅलेट योजना के अनुसार परीक्षार्थी को उसके परीक्षा संबंधी दस्तावेज उसके ई-वाॅलेट एकाउंट में उपलब्ध कराए जाएंगे। इन परीक्षा संबंधी दस्तावेजों पर डिजिटल अधिकृत हस्ताक्षर होंगे। इन दस्तावेजों की मान्यता मूल दस्तावेजों के समान ही होगी।
इस दौरान कटारिया ने बोर्ड परिसर स्थित मां सरस्वती के मन्दिर में दर्शन किए। इस अवसर पर जिला देहात भाजपा के अध्यक्ष प्रो. बी.पी. सारस्वत, नगर सुधार न्यास के पूर्व अध्यक्ष धर्मेश जैन, विशेषाधिकारी परीक्षा प्रिया भार्गव, वित्तीय सलाहकार आनन्द आशुतोष, निदेशक जी.के माथुर और प्रताप भानु, उपनिदेशक जनसम्पर्क राजेन्द्र गुप्ता, सहायक विधि परामर्शी अनिल गुप्ता भी उपस्थित रहे।