आज मरीजों को फिर से डॉक्टरों के कार्य बहिष्कार के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। मरीज तड़पते रहे, लेकिन डॉक्टरों का दिल नहीं पसीजा। वे अपनी मांगों पर अड़े रहे।
अलवर के राजकीय सामान्य चिकित्सालय में आज तीसरे दिन भी डॉक्टरों का कार्य बहिष्कार जारी रहा। इस दौरान यहां सुबह 8 से 10 बजे तक मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आखिरकार दो घंटे बाद डॉक्टरों ने मरीजों की सुध ली। इस दौरान भी उन्होंने विरोध स्वरूप हाथ पर काली पट्टी बांधकर विरोध जारी रखा। ऐसा केवल एक अस्पताल में नहीं बल्कि जिला मुख्यालय के तीनों बड़े सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के कार्य बहिष्कार का असर देखने को मिला। हालांकि, अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं में पहले की तरह ही कार्य जारी रहा।
डॉक्टर यहां अकबरपुर सीएचसी के बाहर प्रसव होने के मामले में एपीओ की गई डॉक्टर कंचन बत्रा की बहाली की मांग कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि जयपुर से जांच करने आए उप निदेशक ने डॉक्टर बत्रा को क्लीन चिट दे दी है इसके बावजूद उनकी फिर से बहाली नहीं की गई। डॉ. मोहन लाल सिंधी ने बताया कि यदि मांगे पूरी नहीं होती है तो रविवार को सामान्य चिकित्सालय के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा और सोमवार को सभी चिकित्सक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।