मासूम अपनी गर्मी की छुट्टियां बिताने नानी के घर आया था, लेकिन उसे क्या पता यहां से वह कभी वापस नहीं जाएगा।
मामले के अनुसार चूरू निवासी बालक मोहम्मद कैफ सीकर के फतेहपुर अपने ननिहाल आया हुआ था। आज वह यहां खेलते हुए रेलवे स्टेशन मार्ग पर विद्युत पोल के तार में आ रहे करंट की चपेट में आ गया। इससे वह बुरी तरह झुलस गया। लोगों ने आरोप लगाया है कि फोन करने के बावूजद जईएन मुकेश कुमार ने फोन तक नहीं रिसीव किया। इसके बाद जब विद्युत निगम कार्यालय में फोन किया गया तो काफी देर बाद बिजली बंंद की गई, तब तक बालक दम तोड़ चुका था। इससे गुस्साए लोगों ने अधिकारियों की लापरवाही पर कार्रवाई करने और परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर रास्ता जाम कर दिया। सूचना पर थाना अधिकारी महावीर राठौड़ मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश की। इसके करीब दो घंटे बाद लोगों ने रास्ता खोला। बाद में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।