हर दिन की तरह वह अपने खेत में अपनी बेटी के साथ खाद डाल रहा था। अचानक आकाश से मौत नीचे उतरी और उसकी जिंदगी को साथ ले गई। इसके बाद तो उसके घरवालों का बुरा हाल है।
मामला अलवर स्थित खेड़ली भनोखर के विजयपुरा गांव का है। यहां कल शाम 55 वर्षीय किसान गिर्राज जाटव अपनी बेटी गीता के साथ खेत पर फसलों में खाद डाल रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और आकाश में कड़कड़ाहट के साथ बिजली चमकी।
आकाशीय बिजली ने किसान गिर्राज को अपनी चपेट में ले लिया। इससे वह बुरी तरह झुलस गया। ये देख आसपास के लोग उसे पास ही खेड़ली अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही गिर्राज ने दम तोड़ दिया। इसके बाद से घरवालों का रो—रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक के शव का आज पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।