सेल्फी लेने के चक्कर में उदयपुर के समीप कठार नदी के तेज बहाव में रविवार को बहे एक युवक की लाश 27 घंटे बाद मिल गई है। जानकारी के अनुसार कल अजमेर से पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक की लाश को बाहर निकाला। बताया गया है कि युवक का शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर तैरता हुआ मिला।
फिलहाल युवक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि रविवार को उदयपुर से कठार क्षेत्र में पिकनिक मनाए गए युवकों में से एक संजय नैनावत सेल्फी लेने के चक्कर में पैर फिसल जाने से नदी के तेज बहाव में गिर गया था।
उदयपुर से गोताखोर व बचाव दल के अन्य सदस्य रविवार रात को ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे लेकिन पानी के तेज बहाव और बारिश के कारण शव को ढूंढने में काफी मुश्किलें आ रही थी। इस घटना के बाद शहर में सेल्फी को लेकर चर्चा बनी हुई है जहां लोग एक-दूसरे को सावचेती की सलाह दे रहे हैं वहीं उदयपुर कलेक्टर ने भी शहरवासियों से पिकनिक स्पॉट्स पर जाते समय सावधानी बरतने की अपील की है।