अजमेर जिले के किशनगढ़ में आज सुबह मिर्जा बावड़ी के पास युवक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या का संदेह जताते हुए रिपोर्ट दी है।
मदनगंज थानाधिकारी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक शंकर सिंह था, जो पॉवरलूम की फैक्ट्री में काम करता था। रात में वह घर भी नहीं गया था। उसका शव लहूलुहान हालत में मिला। एफएसएल टीम से मौके पर जांच करवा ली गई है। प्रथमदृष्टया पूरे मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है, उससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं परिजनों ने कुछ नामजद लोगों के खिलाफ शिकायत दी है और संदेह जताया है कि उन लोगों ने रंजिश के चलते शंकर को मौत के घाट उतारा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।