अजमेर की कोतवाली थाना पुलिस ने हथियार तस्कर सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक देशी कट्टा जब्त किया है। हथियार तस्करी करने वाला बदमाश किशनगढ़ के आरके पाटनी काॅलेज का छात्र है और नशे की लत को पूरा करने के लिए उत्तरप्रदेश से हथियार लाकर यहां बेचता था।
कोतवाली थानाधिकारी बी.एल.मीणा ने बताया कि साइबर सैल के काॅन्सटेबल ने उन्हें अग्रसेन सर्किल के पास अवैध हथियार बेचने की सूचना दी। इस पर मय जाप्ता वहां पहुंचकर दो युवकों की तलाशी ली तो उनके कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में हाथरस यूपी के रहने वाले और वर्तमान में किशनगढ़ के आरके पाटनी काॅलेज में अध्ययनरत शुभम चौधरी ने कबूला कि वह हथियार तस्करी करता है। शुभम ने यह भी बताया कि अब तक किशनगढ़ व अजमेर में आधा दर्जन से अधिक लोगों को हथियार सप्लाई कर चुका है।
थानाधिकारी मीणा ने कहा कि शुभम गांजा पीने का आदि है और नशे की लत को पूरा करने के लिए उत्तरप्रदेश से अवैध हथियार लाकर बेचता है। पकड़ा गया दूसरा युवक किशनगढ़ के शिवाजी नगर का रहने वाला महेन्द्र गुर्जर है जो हथियार खरीदने के लिए आया था। दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, हथियार तस्कर शुभम से पूछताछ की जा रही है।