एक सड़क हादसे ने एक ही घर के दो चिराग बुझा दिए। बाइक पर जा रहे चाचा-भतीजा बस की चपेट में आ गए।
सीकर जिले के अजीतगढ़ थाना इलाके के मंडुस्या मोड के पास सोमवार को एक जीप और बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में जीप में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद अजीतगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची औऱ घायलों को अजीतगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के शिकार मृतक बाइक पर सवार दोनों रिश्ते में चाचा और भतीजा बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार हादसे में घासीपुरा मनोहरपुरा निवासी दिनेश जांगिड़ (22) और मनोज जांगिड़(20) की मौत हो गई। टक्कर के बाद जीप पलट गई। इससे जीप में सवार मंडुस्या निवासी देवेंद्र कुमार भी घायल हो गया। उसे गम्भीर हालत में जयपुर रैफर कर दिया गया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायलों का अजीतगढ़ अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद जीप चालक गाड़ी छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने जीप जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।