जयपुर जिले की चाकसू तहसील में मंगलवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बीएड कर ही दो छात्राओं की मौत हो गई है। हादसा उस वक्त दोपहर को हुआ जब दोनों छात्राएं अपने कॉलेज से घर लौट रही थी।
पुलिस के मुताबिक हादसे की शिकार बीस वर्षीया पूजा सांवरिया और दूसरी सुमन साहू थी। दोनों चाकसू की रहने वाली थी। वहां के स्वरूप कॉलेज ऑफ एजूकेशन से दोनों छात्राएं बीएड का कोर्स कर रही थीं। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वे दोनों अपने कॉलेज से घर लौट रही थीं। वे चाकसू बाईपास पर निमोड़िया मोड़ पर पहुंची। तभी सामने से तेजी से एक कार आते हुए नजर आई। वे दोनों छात्राएं संभलती उससे पहले ही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों उछलकर दूर जा गिरी और मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद वहां सैंकड़ों की संख्या लोग इकट्ठा हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने भारी विरोध के बीच शवों को उठवाकर मोर्चरी पहुंचाया। वहीं दोनों साथी छात्राओं की हादसे में मौत का समाचार सुनकर स्टूडेंट्स ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कॉलेज के पास अंडरपास बनवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यहां हाईवे पर कॉलेज है और दूसरी ओर गांव। ऐसे में सड़क पार करते वक्त् सड़क हादसों का खतरा बना रहता है।