हाइवे पर ट्रक चालकों को डरा-धमका व मारपीट कर लूटपाट करने वाले बावरिया गैंग से जुड़े दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में यह संयुक्त कार्रवाई चौमूं व हरमाड़ा थाना पुलिस की टीम ने की। डीसीपी पश्चिम अशोक गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी महेंद्र बावरिया उम्र 23 साल निवासी गिला की ढाणी, किरकड़ी खाटूश्याम जिला सीकर का है। जबकि दूसरा आरोपी बथराम बावरिया उम्र 23 साल निवासी नीमकाथाना, सीकर हाल प्रतापगढ़ जिला अलवर का है। उनके खिलाफ आंतेला थाना शाहपुरा निवासी रामकरण जाट ने हरमाड़ा थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था कि वह 15 अगस्त की रात को ग्राम बिलोंची के पास टैंकर खड़ा कर एक ढाबे पर खाना खाकर सो गया था। तभी बाइक सवार दोनों बदमाश वहां पहुंचे और रास्ता पूछने के बहाने बातचीत की।
इसके बाद थोड़ी दूर सूनसान में ले जाकर डराने-धमकाने लगे और मारपीट कर 15 हजार रुपए तथा पहचान-पत्र लूटपाट कर भाग गए। हरमाड़ा थानाप्रभारी लाखन सिंह खटाणा के नेतृत्व में गठित स्पेशल पुलिस टीम को अजमेर- दिल्ली हाइवे स्थित नॉलेज सिटी के पास दो युवकों की गतिविधि संदिग्ध होने की सूचना मिली। इस पर हरमाड़ा व चौमूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस को देख दोनों बदमाश भागने लगे। तब पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों से लूटे गए 5 हजार रुपए व वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। बावरियां गैंग के सदस्य खानाबदोश रहते हैं। ये वारदात कर अपनी जगह बदल देते हैं। ये ज्यादातर हाइवे पर खड़े ट्रक चालकों व खलासियों से लूटपाट करते है। परिवार को साथ रखते है, ताकि कोई शक ना करें।