राजसमंद के देवगढ़ क्षेत्र में हाईवे पर शुक्रवार देर रात ट्रक और कंटेनर की भीषण टक्कर हो गई। इससे लगी आग में दोनों चालक जिन्दा जल गए।
पुलिस के अनुसार देवगढ़ से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग आठ पर बरार के निकट कंटेनर-ट्रक आमने—सामने से भिड़ गए। ट्रक में मार्बल भरा था और वह राजसमंद से जयपुर जा रहा था। इस दौरान सामने से आ रहे किराणा सामान से भरा कंटेनर ट्रक से टकरा गया। टकराने के बाद ट्रक और कंटेनर भभक उठे। आग इतनी तेजी से भड़की कि दोनों चालकों को बाहर निकलने का भी समय नहीं मिला। आग में ट्रक व कंटेनर के साथ चालक भी जिंदा जल गए।
हादसे के बाद देवगढ़ से पहुंची फायर फायटर टीम ने करीब तीन घंटे में आग पर नियंत्रण किया। इस दौरान अजमेर-राजसमंद हाईवे पूरी तरह से जाम हो गया। हाईवे से करीब एक घंटे तक कोई वाहन नहीं गुजर सका। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला दर्ज किया। पुलिस ने आग बुझने के बाद ट्रक व कंटेनर में फंसे चालकों के शव बाहर निकलवाए। दोनों के शव भीम के सीएचसी में रखवाया गया है। दोनों मृतकों के शव और सामन पूरी तरह से जल चुके हैं। इस कारण दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने ट्रक और कंटेनर नम्बरों के आधार पर शिनाख्तगी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।