प्रतिष्ठित लोगों से मोटी रकम लेकर बैकडेट में फर्जी हथियार लाइसेंस बनाकर देने वाले अंतराज्यीय गिरोह से जुड़े तीनों आरोपियों को एटीएस ने आज कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने तीनों को 10 दिन के रिमांड पर एटीएस को सौंप दिया। अब आरोपियों से और गहनता से पूछताछ की जाएगी।
इस खुलासे में सबसे अहम बात यह कि इस गिरोह में हथियार डीलर जुड़े है, जो कि प्रतिष्ठित लोगों को हथियार बेचने के साथ उन्हें हथियारों का लाइसेंस भी बनाकर देते है। यह लाइसेंस वर्ष 2007-08 की बैकडेट में बनाकर दिए गए। जिनमें जम्मू और कश्मीर के फर्जी स्थानीय पतों का हवाला दिया गया।
एटीएस के एडीजी उमेश मिश्रा के मुताबिक कल गिरफ्तार अजमेर निवासी जुबेर खां, नसीराबाद अजमेर निवासी गणपत और अबोहर पंजाब निवासी विशाल को गिरफ्तार किया गया था। इनमें जुबेर खां का अजमेर में आना सागर लिंक रोड पर हथियार बेचने की दुकान है। यह अपने गिरोह के साथ मिलकर गैर कानूनी तरीके से हथियार लाइसेंस बनाने का नेटवर्क चला रहा था। जिसमें जम्मू निवासी राहुल समेत कई अन्य लोगों के नाम सामने आए। उनसे भी पूछताछ की जा रही है। इस गिरोह के कब्जे से कई सारे फर्जी हथियारों के लाइसेंस व हथियार जब्त किए है।