पुलिस ने आज ऐसे गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की है जो स्टूडेंट बनकर वारदात को अंजाम देता था। सीकर की उद्योग नगर थाना पुलिस ने चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 11 वाहन भी बरामद किए गए हैं।
एसपी विनित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी औद्योगिक नगर निवासी इस्लाम गिरोह का सरगना है। इस्लाम ने 10 अगस्त को अपने साथियों के साथ मिलकर विकास टायर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यहां से गिरोह ने करीब साढे छह लाख रुपए चोरी किए। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इस्लाम को दबोचा। पूछताछ में इस्लाम ने चोरी की वारदात करना कबूल किया। पुलिस ने इस्लाम के अलावा कमलेश, मोहन, रवि शर्मा, सुरेश कुमार, सुरेन्द्र सैन और करण मेहरा को भी उसकी निशानदेही पर गिरफ्तार कर लिया। इन सभी आरोपियों के कब्जे से चोरी की 11 बाइक और चोरी हुए रुपए भी बरामद किए गए हैं। गिरोह ने एक दर्जन से अधिक चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपित स्टूडेंट्स की तरह पीठ पर बैग लटकाकर घूमते थे ताकि वे किसी कोचिंग में पढ़ने वाले छात्र लगें। इन बैगों में चोरी करने के लिए औजार रखते थे। बैग लटका होने पर कोई भी इन पर शक नहीं करता था और ये इसी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देते।