बीकानेर में 40 लाख की शराब पकड़ी
- फोटो : Vishnu Sharma
अवैध शराब की तस्करी के लिए शराब माफिया नए—नए तरीके ईजाद कर रहा है। कुछ ऐसा ही तरीका बीकानेर में पकड़ी गई करीब 40 लाख रुपए की शराब तस्करी के मामले में सामने आई है। यह शराब 10 चक्का ट्रक पर जनरेटर में छिपाकर ले जाई जा रही थी।
जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर सवाई सिंह गोदारा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ट्रक चालक बिरदाराम जाट निवासी सियाणिया थाना सैण्डवा बाड़मेर का रहने वाला है। जबकि आरोपी खलासी बाबूलाल जाट निवासी दुड़ावा थाना बाकूसार, बाड़मेर का है। पूछताछ में उन्होंने अवैध शराब की खेप जिला कैथल, हरियाणा से जनरेटर में भरकर गुजरात ले जाना बताया। पुलिस थाना नाल के कांस्टेबल रामकुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शोभासर की तरफ से आ रहे 10 चक्के ट्रक में रखे हुए साईलेंट जनरेटर में अवैध शराब हो सकती है। तब नाल थानाधिकारी व पुलिस टीम ने नाकाबन्दी करवा कर ट्रक को रुकवाया। पूछताछ में ड्राइवर से सख्ती से पूछताछ की तो उसने शराब भरी होना बताया।
एसपी गोदारा ने बताया कि ट्रक को थाने पर लाकर खाली करवाकर गिनती की गई तो उसमें राॅयल स्टाईल व्हिस्की के 233 कार्टून, ब्ल्यू टावर के 96 कार्टून, नैनो प्रिमियम व्हीस्की पव्वे के 626 कार्टून व गोवा प्रिमियम व्हीस्की पव्वे के 46 कार्टून यानी कुल 1001 कार्टून भरे हुए मिले। जिसका बाजार मूल्य करीब 40 लाख रुपए है। इससे पहले भी कांस्टेबल रामकुमार की सूचना पर पुलिस थाना नाल द्वारा अवैध शराब के 14 ट्रक पकड़े जा चुके है।