खूबसूरत पहाड़ियों में दो किलों के बीच एक हॉरर टर्न ऐसा भी है जहां कई गाड़ियां अनियंत्रित होकर पलटी खा चुकी हैं।
यहां हुए हादसों में अब तक कई जानें जा चुकी हैं। आज भी एक कार इस टर्न पर पलटी और फिर 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कार चला रहे एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर घायल हो गए है। यह हॉरर टर्न है राजधानी जयपुर के नाहरगढ़ की पहाड़ी पर स्थित नाहरगढ़ और जयगढ़ किले के बीच बनी रोड पर।
इस टर्न पर हो चुके है कई हादसे
पिछले दिनों हुआ एक और हादसा
- फोटो : Vishnu Sharma
दुर्घटना थाना उत्तर पुलिस के मुताबिक हादसे में कार चला रहे झालावाड़ निवासी विनीत जैन की मौत हो गई। जबकि, कार में सवार विनीत के तीन अन्य साथी अक्षय, प्रणव व अभिषेक गंभीर घायल हो गए।
वे चारों सीए के छात्र हैं और देर रात को नाहरगढ़ किले पर घूमने आए थे। आज तड़के किले से लौट रहे थे। तभी जयगढ़ व नाहरगढ़ किले के बीच बनी रोड पर स्थित घुमावदार टर्न पर अचानक कार स्पीड में होने से पलटी खा गई और गहरी खाई में गिर पड़ी। सूचना मिलने पर ब्रहृमपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले घायल युवकों और मृतक को एंबुलेंस से एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों के आने पर शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।