जयपुर के विश्वकर्मा इलाके में गुरुवार देर रात को रोड नम्बर नौ पर नशे में धुत तेज रफ्तार कार चालक ने एक जीप को टक्कर मार दी। इसके बाद नाकाबंदी कर रहे पुलिस कांस्टेबल बाबूलाल को चपेट में लेकर घायल कर दिया और फिर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गइ। दुर्घटना में कांस्टेबल बाबूलाल के अलावा क्षतिग्रस्त कार सवार दो अन्य लोग भी घायल हो गए। मामले की जांच दुर्घटना इकाई पश्चिम कर रही है।
पुलिस ने बारां निवासी कार चालक महावीर को पकड़ लिया। तब वह नशे में था। वह एक होटल में सुरक्षा गार्ड बताया जा रहाा है तथा देर रात अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर होटल से लौट रहा था। तब रोड नंबर नौ, विश्वकर्मा में नाकाबंदी कर रही पुलिस ने एक जीप को रुकवा रखा था। रात करीब ढाई बजे तेज रफ्तार कार ने नाकाबंदी पर खड़ी जीप को टक्कर मार दी। यह कार डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई।
इसी दौरान कार की चपेट में नाकाबंदी पर मौजूद पुलिस कांस्टेबल बाबूलाल भी आ गया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वह डीसीपी हैडक्वार्टर में तैनात है। हादसे के वक्त हैडकांस्टेबल नारायण लाल, कांस्टेबल अजय, यातायात पुलिस में तैनात हैडकांस्टेबल नेमीचंद व सुभाष भी नाकाबंदी पर थे, लेकिन वे बाल बाल बच गए।