पुलिस थाने में बाथरूम के बाहर खड़े पुलिसकर्मी अंदर गए चोर का इंतजार कर रहे थे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो धक्का मारा। अंदर कोई नहीं था, जिसे देख पुलिसकर्मियों हाथ-पांव फूल गए।
थाने से चोर के फरार होने की यह वारदात सीकर जिले के रींगस थाने में हुई। हालांकि इस आरोपी को पुलिस ने बाद में दांतारामगढ़ में फिर से गिरफ्तार कर लिया। रींगस पुलिस ने हरिया उर्फ मुकेश को वाहन चोरी के मुकदमे में गिरफ्तार किया था। उसे कोर्ट में पेशकर रिमांड पर लिया था।
रींगस थानाधिकारी महेश कुमार के मुताबिक, बीती देर रात आरोपी हरिया उर्फ मुकेश थाने में बने शौचालय गया था। उसे अंदर भेजकर पुलिसकर्मी बाहर खड़े रहे। मुकेश ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद वह बाथरूम में लगे एग्जास्ट फैन की खिड़की से निकलकर फरार हो गया।
वह काफी देर तक वापिस बाहर नहीं लौटा, तो बाहर खड़े पुलिसकर्मियों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा धक्का मारकर खोला तो वहां मुल्जिम को नहीं देखकर हाथ-पैर फूल गए। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को देने के बाद सरगर्मी से इसकी तलाशी की गई। बाद में इसे दांतारामगढ़ इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी हरिया के खिलाफ करीब आधा दर्जन मुकदमें दर्ज है।