जयपुर में अज्ञात दो बदमाशों ने देवी का प्रकोप दूर करने का झांसा देकर एक महिला से जेवर हड़प लिए। ठगी की शिकार महिला के पति ने बदमाशों के खिलाफ बजाज नगर थाने में मंगलवार को मुकदमा दर्ज करवाया है।
जानकारी के अनुसार ठगी की वारदात मुक्तानंद नगर, बजाज नगर निवासी रमेश दियलानी की पत्नी ज्योति के साथ हुई। वह चार मई को सुबह करीब नौ बजे कॉलोनी में एक मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही थी। तभी सूनसान जगह पर दो युवकों ने ज्योति को रुकवाया। खुद को देवी का उपासक बताते हुए कहा कि आपके घर में देवी माता का प्रकोप है। इसे दूर करने से आपके घर में समृद्धि होगी।
बदमाशों ने पीड़िता महिला को बातों से सम्मोहित कर लिया। जिससे वह उनके झांसे में आ गई। तब बदमाशों ने ज्योति देवी से कहा कि आप अपने जेवर उतारकर एक बैग में रख लें और देवी माता का ध्यान कर 21 कदम आगे चलें तथा पीछे मुड़कर नहीं देखें। तब पीड़िता ने हाथों में पहने सोने के कंगन व अंगूठी उतारकर एक कपड़े में रख दी। 21 कदम चलने को रवाना हुई। जब वह आगे जाकर रूकी और फिर पीछे मुड़कर देखा तो दोनों बदमाश नजर नहीं आए। वे जेवर लेकर गायब हो चुके थे। इस पर परिजनों को बताया और फिर अब थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।