पाली से अहमदाबाद के बीच चलने वाली रोडवेज बस से शराब की सप्लाई करने का मामला सामने आया है। बस कंडक्टर सहित दो जनों को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार सांडेराव बस स्टैण्ड पर बुधवार को पुलिस ने पाली से अहमदाबाद के बीच चलने वाली रोडवेज बस आरजे—19पीबी 3171 से अंग्रेजी शराब की 134 और बीयर की 152 बोतलें बरामद की है। अवैध रूप से शराब की सप्लाई करने पर पाली के सर्वोदय नगर निवासी शिवराज वाल्मीकि और चाणौद के रहने वाले बस कंडक्टर शंकर सिंह रावणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बस को भी जब्त करके रोडवेज पाली आगार को इस संबंध में रिपोर्ट भेजी है। पूछताछ में शिवराज ने बताया है कि वह पहले भी रोडवेज बसों के जरिये शराब की सप्लाई करता रहा है। इसके लिए वह ड्राइवर और कंडेक्टर को कमीशन देता है। चूंकी गुजरात में शराबबंदी लागू है इसलिए वहां शराब के दाम भी अच्छे मिलते हैं। वहां उसे प्रति बोतल 100 रुपए तक अधिक कमाई होती है। इसके बदले कंडक्टर को वह पांच रुपए प्रति बोतल कमीशन देता है।
उधर, फालना आगार के यातायात प्रबंधक महिपाल सिंह लखावत के अनुसार पाली आगार की इस बस को ठेके पर दे रखा है, जो नीलकंठ टूर एंड ट्रैवल्स के नाम से अनुबंधित है।