तीर्थ नगरी पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर के पास आकर्षक स्प्रिचुअल पार्क बनाया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत करीब 23 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। जिसमें यज्ञशाला, ओपन थिएटर, पाथ वे सहित अन्य यात्रियों की सुविधाओं के साधन लगाए जाएंगे।
जिला कलक्टर गौरव गोयल ने बताया कि प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे स्वयं तीर्थनगरी पुष्कर के ब्रह्मा मंदिर पर विशेष ध्यान दे रही हैं। राजे ने तीर्थयात्रियों को अधिक से अधिक सुविधाएं देने के लिए दिशा निर्देश दिए। इसी के तहत 23 करोड़ रूपए की राशि आवंटित की गई। उन्होंने कहा कि इस राशि से मंदिर के पास पड़ी खाली जमीन पर आकर्षक पार्क बनाया जाएगा.
जिसमें तीर्थ यात्री आसानी से तीन-चार घंटे का समय व्यतीत कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इसके टेण्डर की प्रक्रिया करवा ली गई है। जुलाई माह के पहले सप्ताह में यह काम शुरू करवा दिया जाएगा। 2018 के पुष्कर मेले तक यह सौगात तीर्थ यात्रियों को मिल सकेगी।