एक तेज रफ्तार एसयूवी पलटने से हुए हादसे में दो युवकों ने दम तोड़ दिया। हादसे के दौरान एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, वहीं एक अन्य घायल की जोधपुर रैफर करने के दौरान रास्ते में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार जैसलमेर के फतेहगढ उपखण्ड के मूलाना गांव के समीप तेज रफ्तार एसयूवी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। स्पीड से आ रही गाड़ी का संतुलन बिगड़ा और वो बिजली के पोल से जा टकराई।
गाड़ी पलटने से घटित हुए सड़क हादसे में मूलाना गांव के निवासी भोमसिंह की मौका स्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, सड़क हादसे में भोपा गांव का निवासी नेपालसिंह घायल हो गया। उसे जैसलमेर रैफर किया गया। जैसलमेर में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल नेपालसिंह को जोधपुर रैफर कर दिया। जहां ले जाते हुए रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।