उधारी के रुपए मांगने के दौरान हुई कहासुनी से परेशान व्यक्ति ने घर पर फंदे से लटक आत्महत्या कर ली। मृतक गांव में हजामत की दुकान चलाता था और गांव के ही व्यक्ति से रुपए उधार लिए थे।
मामला उदयपुर के खेरोदा पुलिस थाना इलाके का है। जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के कूथवास निवासी जगदीश (40) पुत्र भैरूलाल नाई ने घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस बारे में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जांच अधिकारी भंवरसिंह ने बताया कि आत्महत्या का यह मामला शुक्रवार का है।
जांच में पता चला है कि मृतक से गांव का ही कोई व्यक्ति उधारी के रुपए मांगने आया था। इसी दौरान दोनों में रुपए की लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई। अवसाद में आए जगदीश ने फंदा लगा लिया और आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।