अपने मालिक के लिए नौकर ने वफादारी निभाते हुए न सिर्फ अपनी जान की बाजी लगा डाली, बल्कि लाखों रुपए की ज्वैलरी भी लुटने से बचा ली।
जानकारी के अनुसार कोटा में सोमवार को लूट की बड़ी वारदात होने से बच गई, लेकिन लुटेरों के हमले में ज्वैलर्स का नौकर बुरी तरह घायल हो गया। वारदात कोटा शहर के स्वर्ण रजत मार्केट के गेट पर उस वक्त हुई जब चित्तौड़गढ़ के ज्वैलरी व्यवसायी अरविंद का नौकर जगदीश ज्वैलरी से भरा बैग लेकर कार की तरफ बढ़ रहा था। उसी वक्त बाइक सवार दो बदमाशों ने उससे बैग छीनने का प्रयास किया।
जगदीश ने हाथ से बैग नहीं छोड़ा तो लुटेरों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तौड़ वार किए। काफी देर तक जगदीश ने लुटेरों से संघर्ष किया, जिससे लाखों की ज्वैलरी लुटने से बच गई। इसके बाद लुटेरे मौके से फरार हो गए।