पुलिस की स्पेशल टीम ने पॉम आॅयल चोरी के गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नकली घी के सौदागर बेनकाब हो सकते है।
पॉम आॅयल का उपयोग नकली देसी घी बनाने में होता है। यह गैंग हाइवे पर पॉम आॅयल के टैंकर से चोरी कर उसे नकली घी बनाने वालों को बेचती है। पुलिस ने ये कार्रवाई अजमेर जिले में की।
अजमेर उत्तर वृताधिकारी दुर्ग सिंह राजपुरोहित ने बताया कि स्पेशल टीम के प्रभारी मनोज चौहान को हाईवे पर टैंकर से पॉम ऑयल चोरी होने की सूचना मिली थी। इस पर सिविल लाइन थाना प्रभारी के साथ अजमेर जयपुर हाईवे पर दबिश दी और यहां टैंकर से ऑयल चुरा रहे दो लोगों तथा ड्राईवर-खलासी को धर दबोचा।
उन्होंने बताया कि यह टैंकर गुजरात से कानपुर के लिए पाम ऑयल लेकर रवाना हुआ था, लेकिन ड्राइवर खलासी की मिलीभगत से यह गोरखधंधा चल रहा था। उन्होंने अंदेशा जताया कि इस पाम ऑयल की चोरी में नकली घी बनाने वालों की मिलीभगत हो सकती है। आरोपियों से पूछताछ में इसका खुलासा हो सकता है।