अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ने पर मौके पर जुटे नाराज ग्रामीण।
- फोटो : Amar Ujala
पिपराइच के बरसैनी गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। शुक्रवार को नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और प्रतिमा के पास ही धरने पर बैठ गए। वे केस दर्ज करने और क्षतिग्रस्त प्रतिमा को बनवाने की मांग कर रहे थे। घटना की सूचना पर एसपी नार्थ गणेश साहा मातहतों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने केस दर्ज कर मूर्ति मरम्मत करवाने का अश्वासन दिया, जिसके बाद नाराज लोग हटे।
शुक्रवार की दोपहर में अचानक अंबेडकर प्रतिमा के दाहिने हाथ को किसी ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। यह बात गांव मेें फैलते ही वहां पर लोग एकत्र होने लगे और फिर हंगामा शुरू कर दिए। एक ग्रामीण की सूचना पर पिपराइच पुलिस मौके पर पहुंच गई और समझाने की कोशिश करने लगी, लेकिन ग्रामीण तत्काल मरम्मत की बात करने लगे। मौके पर एसपी नार्थ भी पहुंचे और उन्होंने प्रशासनिक अफसरों से बात कर जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। जिला पंचायत सदस्य महेंद्र प्रताप मल्ल, रामदरश गौतम, घनश्याम राही, रामानंद भारती, रामदरश एडवोकेट, अमर सिंह, अमर पासवान, हरिकेश भारती, जयनाथ कुमार, ग्राम प्रधान रमाशंकर, विदेशी, नेबूलाल, श्रीकांत, एजाज अहमद, रामप्रीत, रामबदन, जीवधन आदि मौजूद रहे।
तीन बार क्षतिग्रस्त कर चुके हैं प्रतिमा
डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को तीन बार क्षतिग्रस्त किया जा चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के पीछे कुछ असामाजिक तत्वों का हाथ है, जो शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। इन पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।