राजस्थान हाईकोर्ट ने मादक पदार्थ तस्करी के झूठे मुकदमे में फंसाकर चार लोगों को सजा दिलाने वाले एसओजी के सीआई सायरसिंह, कैलाश चौधरी, एसआई फूलचंद, सुनील गुप्ता, हैडकांस्टेबल विनोद कुमार सहित कांस्टेबल शैलेन्द्र, रामस्वरूप, संतोष, नाथुलाल व डूडीराम के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
अदालत ने हाईकोर्ट के डिप्टी रजिस्ट्रार न्यायिक को कहा है कि वे इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ एनडीपीएस कोर्ट में परिवाद पेश करें। इसके साथ ही अदालत ने चारों याचिकाकर्ताओं को बरी कर दिया है। न्यायाधीश पंकज भंडारी की एकलपीठ ने यह आदेश तोफीक अली व तीन अन्य की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए दिए। अदालत ने कहा कि पुलिस ने याचिकाकर्ताओं को झूठे मामले में फंसाने के लिए न केवल झूठे साक्ष्य बनाए बल्कि झूठी गवाही भी दी।
याचिका में कहा गया कि 16 जून 2011 को एसओजी टीम को कथित सूचना मिली कि आंदनपाल आ रहा है। इस पर टीम ने सुबह पौने नौ बजे एसओजी थाने से सात किलोमीटर दूर आगरा रोड पर बैरिकेडिंग कर दी। वहीं साढ़े ग्यारह बजे फारच्यूनर कार और मिनी ट्रक आ रहा था। जब टीम ने कार चालक को रुकने का इशारा किया तो चालक ने ट्रक को वापस जाने का इशारा किया। इस पर एसओजी टीम ने दोनों वाहनों को पकड़ लिया। तलाशी में ट्रक से 99 बोरी डोडा पोस्त और कार से एक बोरी डोडा पोस्त बरामद किया।