भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुलिस इंस्पेक्टर और दलाल को डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई एसीबी जयपुर देहात की टीम ने सीकर जिले में की। जहां लक्ष्मणगढ़ थानाप्रभारी होशियार सिंह और दलाल फारुख को गिरफ्तार कर लिया। उनसे रिश्वत की रकम बरामद कर ली।
एसीबी के अनुसार परिवादी धर्मपाल व रामनिवास ने पिछले दिनों शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया कि लक्ष्मणगढ़ थाने में दर्ज एक आपराधिक मुकदमे में नाम हटाने की एवज में थानाप्रभारी होशियार सिंह डेढ़ लाख रुपए मांग रहा है। इसके लिए थानाप्रभारी ने फारुख नाम के व्यक्ति से संपर्क करने को कहा, जो कि बिचौलिए का काम करता है।
शिकायत का सत्यापन होने पर एसीबी ने आज ट्रेप रचा। इसके बाद परिवादी ने दलाल फारुख से संपर्क किया और डेढ़ लाख रुपए लेकर पहुंचे। इसके बाद फारुख उन्हें लेकर थानाधिकारी होशियार सिंह के पास पहुंचा। जहां रिश्वत की रकम लेते हुए ही एसीबी ने थानाप्रभारी होशियार सिंह व दलाल फारुख को रंगे हाथों धरदबोचा। एसीबी ट्रेप की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। एसीबी उनसे पूछताछ कर रही है। इसके अलावा थानाप्रभारी के क्वार्टर की तलाशी भी ली गई।