साध्वी से यौन शोषण के मामले में दोषी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की कई तस्वीरें गंदे नाले में मिलीं। पता तब चला जब नाला जाम हो गया। ये तस्वीरें भी कहीं और नहीं बल्कि राम रहीम के पैतृक गृह जिले में मिली हैं।
जी हां, राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में वार्ड संख्या 43 में दो दिन पहले नगर परिषद द्वारा नाला सफाई अभियान चलाया जा रहा था। यहां नाला जाम हो गया था। जिसकी सफाई करते समय राम रहीम की तस्वीरें गंदे नाले में बहती नजर आईं। यह देखकर सफाई कर्मचारी भी चौंक गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने इन फोटो को अपने कब्जे में कर लिया है। फिलहाल नाले में मिली इन फोटो को लेकर किसी भी प्रकार से अप्रिय घटना सामने नहीं आई है।
यहां रह रही हैं राम रहीम की मां, पत्नी व अन्य परिजन
नाले में मिली डेरा प्रमुख की फोटो—तस्वीरें
- फोटो : Amar Ujala
जानकारी के अनुसार राम रहीम के अखबार 'सच कहूं' और पत्रिका 'सच्ची शिक्षा' की रद्दी डेरों में वापस जमा करवानी पड़ती है। ऐसे में बाबा के फोटो मिलना बड़ी बात है। हालांकि पुलिस अभी तक इस मामले में कुछ साफ नहीं कर सकी है।
श्रीगंगानगर के श्रीगुरुसर मोडिया में रामरहीम का पैतृक घर है। जहां इन दिनों उनकी मां, पत्नी व अन्य परिजन रह रहे हैं। यहां के वार्ड 42, 43 और अन्य जगहों पर बड़ी संख्या में डेरा प्रेमी रहते हैं। बताया जा रहा है कि बाबा राम रहीम की ये फोटो बाजारों में नहीं बिकती। इनको डेरो से ही खरीदना पड़ता है।
श्रीगंगानगर में इन दिनों बारिश का दौर चल रहा है। इसी को देखते हुए नगर परिषद बड़े नालों की सफाई करवा रहा है। इसी बीच यह मामला सामने आ रहा है। लेकिन अभी तक पता नहीं चला है कि यह जानबूझकर फेंका गया है या फिर भूल से यह तस्वीरें बाहर आ गई और बारिश के पानी में बहकर नालें में चली गई है।