राजस्थान और मध्य प्रदेश की याचिका खारिज होने के बाद अब सरकारों के पास 'पद्मावत' रिलीज के अलावा कोई चारा नहीं बचा है। एेसे में करणी सेना सहित विभिन्न राजपूत संगठनों की हूंकार के बीच फिल्म रिलीज के बाद शांति बनाए रखने की कड़ी परीक्षा पुलिस की होने वाली है।
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के सभी पुलिस अधिकारी-कर्मियों और मंत्रालयिक कर्मचारियों की छुट्टियां कैंसिल कर दी गई हैं। यह आदेश हैडक्वार्टर के एडिशनल डीसीपी आलोक श्रीवास्तव ने जारी किए। जिसमें आगामी आदेशों तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। दरअसल, इस सप्ताह पुलिस के लिए लॉ एंड आर्डर बनाए रखने की कड़ी परीक्षा होगी।
अगले दो दिनों बाद 25 जनवरी को जयपुर के सिनेमाघरों में 'पद्मावत' फिल्म प्रदर्शित होनी है। इसी दिन पांच दिवसीय साहित्यिक महाकुम्भ जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल की भी शुरुआत होगा। इसमें राजपूत संगठनों के निशाने पर आए सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी हिस्सा लेंगे।
आईबी ने भी जारी किया हुआ है अलर्ट
PADMAWATI_RAJPUTSENA
- फोटो : Demo pic
श्री राजपूत करणी सेना और अन्य सामाजिक संगठनों ने इस फिल्म रिलीज के विरोध और प्रसून जोशी के जेएलएफ में हिस्सा लेने पर कड़ा विरोध प्रदर्शन करने की धमकियां दे रखी है। इसके साथ ही 26 जनवरी को लेकर आईबी का अलर्ट जारी हो चुका है। ऐसे में कानून व्यवस्था संभालना पुलिस के लिए अहम चुनौती बन गया है।
विरोध प्रदर्शन करने वालों से निपटने, वीआईपी को सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध करवाने और कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिहाज से कमिश्नरेट पुलिस ने पुलिस मुख्यालय से आरएसी की चार कंपनियों का जाब्ता मांगा था। लेकिन अभी तक सिर्फ दो कंपनियां ही उपलब्ध करवाई गई हैं।
वहीं, उपद्रवियों से निपटने के लिए एटीएस राजस्थान के स्पेशल कमांडो ईआरटी टीम भी कमिश्नरेट पुलिस ने मांगी है। इसे देखते हुए जयपुर कमिश्नरेट के हैडक्वार्टर कार्यालय ने कल आदेश जारी कर अग्रिम आदेशों तक सभी पुलिस अधिकारियों, अधीनस्थ कर्मियों और मंत्रालयिक कर्मचारियों की छुट्टियों पर प्रतिबंध लगा दिया है।