देश के कई राज्यों में निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली की आने वाली फिल्म 'पद्मावती' को लेकर विरोध बढ़ता जा रहा है। इसी बीच एक दुल्हे ने भी अपने शादी के निमंत्रण कार्ड पर अनूठे तरीके से इस फिल्म का विरोध जताया है। जिसे देखकर रिश्तेदार व ससुराल पक्ष भी हैरत में पड़ गए हैं।
विज्ञापन
राजस्थान के उदयपुर जिले के बी.एन. यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र सुरेन्द्र सिंह पंवार उर्फ बबलू का विवाह 23 नवम्बर को होना है। भौम्याजी नगर, माण्डल (उदयपुर) निवासी दुल्हे सुरेंद्र सिंह ने अनोखी पहल करते हुए फिल्म पद्ममावती का बहिष्कार करने को लेकर स्लोगन वाला कार्ड छपवाया है। इसके बाद शादी का बाकी मैटर लिखा है।
शादी का यह कार्ड आमजन और दुल्हे के परिवार-रिश्तेदारों के बीच खासी सुर्खियां बटोर रहा है। वहीं, यह कार्ड सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। दूल्हे का कहना है कि रानी पद्मावती का बलिदान वीर क्षत्राणियों के अदम्य साहस भरे जौहर की कहानी है। इसलिए वे अनोखा विरोध दर्ज करवा रहे हैं, ताकि अधिकतम लोग इस मुहिम से जुड़ें और इस फिल्म का बहिष्कार करें।
विज्ञापन
कार्ड पर कविता भी- उसपे बात करे कोई, तो हमसे सहन नहीं होता
PADMAWATI_RAJPUTSENA
- फोटो : Demo pic
फिल्म का विरोध करते हुए मैरिज कार्ड में पहले फिल्म पद्मावती का बहिष्कार करने की अपील की गई है। इसके बाद चित्तोड़गढ़ की महारानी पद्मावती के अदम्य साहस और बलिदानी जौहर को लेकर कविता की चार पंक्तियां लिखी गई हैं।
कविता में कहा गया है 'इक रानी की बात नहीं, पद्मिनी हो या जोधा कहें, फिल्माने की बात नहीं, बात सिर्फ है स्वाभिमान की, सत्य सनातन वो ज्योति, उसपे बात करे कोई तो, हमसे सहन नहीं होती। कविता के बाद लिखा है कि रानी पद्मावती का अपमान नहीं सहेंगे।
दूल्हे सुरेन्द्र पंवार का मानना है कि रानी पद्मिनी का सम्मान सिर्फ मेवाड़ का नहीं बल्कि पूरे देश की महिलाओं की अस्मिता का सम्मान है। सिर्फ मनोरंजन और रुपया कमाने के उद्देश्य से मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास के साथ छेड़छाड़ करना सही नहीं है।
निर्देशक भंसाली के साथ मारपीट, फिल्म के सेट पर तोड़फोड़
- फोटो : File photo
गौरतलब है कि पद्मावती को लेकर पिछले करीब एक साल से विरोध प्रदर्शन जारी है। सबसे पहले यह विरोध फिल्म की जयपुर के जयगढ़ दुर्ग में सामने आया था। जब श्री राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने जयगढ़ दुर्ग पर पहुंचकर शूटिंग स्थल पर तोड़फोड़ कर फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली से हाथापाई कर दी थी।
लेकिन अब ज्योंही पिछले दिनों फिल्म का प्रोमो जारी हुआ। इसके बाद फिल्म की हीरोइन दीपिका पादुकोन पर फिल्माए घूमर गीत के बाद विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया। राजस्थान के अलावा कई अन्य प्रमुख शहरों के राजघरानों के सदस्य इस फिल्म के विरोध में खुलकर सामने आ गए। इसके अलावा कई सामाजिक संगठन भी फिल्म का प्रदर्शन रोकने की मांग को लेकर सड़कों पर उतर गए है।