दिवाली के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर चल रहे चैकिंग अभियान के दौरान एक युवक जीआरपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस युवक की तलाशी ली तो उसक पास 23 लाख रुपए के नोट मिले।
जानकारी के मुताबिक, जयपुर जंक्शन पर रविवार को सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। सुबह करीब साढ़े छह बजे मरुधर एक्सप्रेस जंक्शन पहुंची तो उसमें से एक युवक हाथ में बैग लिए उतारा। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को उस पर शक हुआ तो रोककर पूछताछ की।
पुलिस ने उसका बैग चैक किया तो उसके बैग में दो हजार और पांच सौ के नए नोट मिले। जिनका मूल्य 23 लाख रुपए था। युवक इन नोटों के बारे में कोई संतोषजनक जबाव नहीं दे पाया।
युवक बीकानेर निवासी वीरेंद्र भाटिया बताया जा रहा है, जो मार्बल व्यवसायी है। पुलिस के अनुसार, संभवत: यह युवक इस बैग को किसी दूसरे व्यापारी देने जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में आयकर विभाग को सूचना दे दी है।