गर्भवती महिलाओं में भ्रूण लिंग की अवैध जांच करने वाली एक महिला दलाल लक्ष्मी रंगे हाथों पकड़ी गई।
राज्य समुचित प्राधिकारी नवीन जैन ने बताया कि गिरफ्तार दलाल लक्ष्मी देवी पत्नी रामकरण निवासी सिंघाना जिला झुन्झुनूं है। मुखबिर के माध्यम से सिंघाना और आसपास के क्षेत्र में भ्रूण लिंग जांच के बारे में सूचना मिल रही थी। शिकायत का सत्यापन होने पर पीसीपीएनडीटी सेल की एक डिकॉय टीम तैयार की गई। इसमें शामिल गर्भवती महिला और एक अन्य महिला को आरोपी दलाल लक्ष्मी के पास भ्रूण लिंग जांच के लिए भेजा।
लक्ष्मी ने 37 हजार रुपए में सौदा कर एडवांस में 25 हजार रुपए ले लिए। डिकॉय महिला को चिड़ावा में सिंघाना बाइपास पर बुलाया। इसके बाद इधर-उधर घूमाने के बाद सिंघाना ले गई। वहां शेष 12 हजार रुपए लेकर बृहस्पतिवार को गर्भवती महिला को लक्ष्मी ने अपने घर बुलाया। इसके बाद गर्भवती को सिंघाना के चक्रपाणि हॉस्पिटल में ले जाकर सोनोग्राफी कराई।