यूपी की एंटी रोमियो स्क्वायड की तर्ज पर जयपुर में भी लेडी पेट्रोलिंग यूनिट की शुरुआत सोमवार हो गई है। ये यूनिट जयपुर के 150 ऐसे स्थानों पर गश्त करेगी जहां आमतौर पर महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं ज्यादा होती है।
दरअसल जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने इसके लिए जनवरी में ही योजना बनाकर उस पर अमल करना शुरु कर दिया था। यूपी में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद वहां चलाए गए एंटी रोमियो आॅपरेशन के बाद इसमें तेजी जाई गई।
इन स्कूटी के जरिए महिला कांस्टेबल शहर में चिन्हित करीब 150 ऐसे सार्वजनिक स्थानों, पार्क, मॉल्स व अन्य स्थानों पर तैनात रहेंगी या गश्त करेंगी। जहां महिलाओं और स्कूल—कॉलेज छात्राओं को परेशान करने, असुरक्षित महसूस करने की शिकायतें आती हैं या जहां उनकी आवाजाही ज्यादा रहती हैं। इसके लिए वे नजदीकी पुलिस थाने से भी हैल्प ले सकेंगी।
पुलिस कमिश्नर संजय अग्रवाल ने बताया कि जयपुर शहर की महिलाओं व छात्राओं को मदद के लिए लेडी पेट्रोलिंग यूनिट की योजना बनाई गई थी। इसके बाद शहर में तैनात महिला कांस्टेबलों से आवेदन मांगे। ऐसी चयनित महिला कांस्टेबलों की आरपीए में स्कूटी चलाने, सेल्फ डिफेंस और हॉर्स राइडिंग की ट्रेनिंग शुरु की गई। ड्राइविंग लाइसेंस बनवाए गए।
इस तरह, 26 स्कूटी पर 52 कांस्टेबल मौजूद रहेंगी
हरी झंडी दिखा लेडी पेट्रोलिंग यूनिट को रवाना किया
- फोटो : Vishnu Sharma
कमिश्नर अग्रवाल के मुताबिक एक स्कूटी पर दो महिला कांस्टेबल तैनात होंगी। इस तरह, 26 स्कूटी पर 52 कांस्टेबल मौजूद रहेंगी। यह दो पारियों में ड्यूटी पर रहेंगी। सुबह 6 से 2 बजे तक और दोपहर 2 से रात 10 तक। इस यूनिट की प्रभारी पुलिस कंट्र्रोल रुम की एडिशनल डीसीपी कमल शेखावत रहेंगी।
इस यूनिट पर तैनात महिला स्टॉफ को सीयूजी मोबाइल नंबर दिए जाएंगे। एक वायरलेस हैंडसेट दिया है। अभय कमांड सेंटर या फिर थाने से सूचना मिलने पर यह स्क्वॉयड मौके पर पहुंच सकेंगी। सोमवार को पुलिस कमिश्नर संजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर प्रफुल्ल कुमार व महेंद्र चौधरी, डीसीपी हैडक्वार्टर गौरव श्रीवास्तव समेत हीरो मोटोकॉर्प के विजय सेठी ने हरी झंडी दिखाकर इस लेडी पेट्रोलिंग यूनिट को रवाना किया। हीरो मोटोकॉर्प के सीओओ विजय शेट्टी ने इस पहल में जयपुर पुलिस कमिश्नरेट को सहयोग कर 60 स्कूटी उपलब्ध करवाई है।