चूरू जिले के पड़िहारा गांव के पास बोलेरो केम्पर में सवार होकर आए बदमाश पुलिस कर्मियों की आंखों में मिर्ची डालकर पेशी पर लाए जा रहे कैदी को भगाकर ले गए। कैदी के फरार होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना इलाके के सिंगडोला गांव निवासी गजेंद्र सिंह हत्या के मामले में रतनगढ़ जेल में बंद था। उसे हेड कांस्टेबल जेठाराम और चालानी गार्ड मानसिंह व सुभाष बस से सुजानगढ़ पेशी पर ले जा रहे थे। रास्ते में पड़िहारा गांव से पास गौशाला के नजदीक बोलेरो केम्पर पर सवार होकर आए बदमाशों ने बस के आगे अपनी गाड़ी लगाकर बस को रुकवा लिया। बस रुकने पर तीन—चार बदमाश बस में चढे़ और पुलिसकर्मियों की आंख में मिर्ची डाल दी।
इससे पहले कि तीनो पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते गजेंद्र सिंह को गाड़ी में बिठाकर ले गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।