जयपुर जिले के मनोहरपुर थाना इलाके में अपने बेटे की हत्या के दो दिन बाद पिता ने भी बुधवार को कुएं में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना का पता चलने पर स्थानीय ग्रामीण इकट्ठा हो गए। मनोहरपुर थाना पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद मशक्कत कर कुएं में कूदे व्यक्ति को बाहर निकालकर स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक कालूराम यादव मनोहरपुर तहसील के गांव बुरानपुरा स्थित केशवा की ढाणी के रहने वाले थे। वह खेतीबाड़ी का काम करते थे। दो दिन पहले कालूराम के 20 वर्षीय बेटे सोहनलाल उर्फ सोनू की अज्ञात लोगों ने सिर फोड़कर हत्या कर दी थी। इसके बाद बेटे की मौत का गम बर्दाश्त नहीं कर सके और कालूराम अवसाद में चले गए। बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे कालूराम घर से बाहर निकले और नजदीक एक गहरे कुएं में छलांग लगा दी।
इसका पता चलने पर उनके परिजनों ने आसपड़ौस के लोगों को सूचना दी। मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस भी आ गई। तब तक ग्रामीण रस्सों की सहायता से कालूराम को बाहर निकालने में जुट गए थे। कुछ देर बाद उसे बाहर निकाला। लेकिन उसे जिंदा नहीं बचा सके। सुबह लोगों ने कालूराम के बेटे सोहनलाल की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग भी की।