राजधानी में देर रात को सूनी सड़कों पर रफ्तार का कहर जारी है। बीती देर रात को एक बार फिर से शहर के एक पॉश इलाके में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। इस हादसे में स्कॉर्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई।
वहीं, दूसरा युवक गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति तेजी से गाड़ी को दौड़ाकर ले भागा। इससे उसे पकड़ा नहीं जा सका। मामले में पुलिस अब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मामले की तफ्तीश दुर्घटना अनुसंधान ईकाई पूर्व कर रही है।
पुलिस के मुताबिक हादसे में दीपक नाम के युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी महिपाल गंभीर घायल हो गया। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार दीपक व महिपाल दोनों दोस्त है। वे दोनों कल देर रात करीब साढ़े 12 बजे आदर्श नगर स्थित बर्फखाना चौराहे से होकर गुजर रहे थे।
उंचाई तक उछले और फिर सड़क पर आ गिरे, इससे
सड़क दुर्घटना
- फोटो : symbolic
बाइक फुटपाथ के पास चल रही थी। तभी राजापार्क की ओर से आ रही स्कॉर्पियो ने दीपक की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार दोनों युवक काफी उंचाई तक उछले और फिर सड़क पर आ गिरे। इससे दीपक स्कॉर्पियो की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि महिपाल लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा रहा। उसे राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर है। पुलिस के मुताबिक बाइक को टक्कर मारने के बाद स्कार्पियो ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ चली गई। जिससे राहगीर उस गाड़ी के नंबर नहीं देख सके। इससे पुलिस स्कॉर्पियो की तलाश में सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।