अमूमन वाहन चोरी की घटनाओं को हल्के में लेने वाली पुलिस सरकारी गाड़ी चोरी होने पर कितनी सतर्क है यह बीती रात देखने को मिला। पुलिस इतनी सक्रिय हो गई कि चोरी की जीप को ढूंढ निकाला।
मामले के तहत पुलिस को मंगलवार रात दौसा के सिविल लाइंस एरिया से जलदाय विभाग की जीप चोरी होने की सूचना मिली। इस पर तुरंत पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी करा दी। यहां तक जिला पुलिस अधीक्षक स्वयं भी मामले की जानकारी लेते रहे। इसी दौरान यह पता लगा कि चोरी हुई जीप में तीस—चालीस किलोमीटर तक का ही पेट्रोल है। इस पर तुरंत बांदीकुई और बसवा पुलिस थाने के जरिये आसपास के पेट्रोल पम्पों पर चौकसी बढ़ा दी गई।
इतनी मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस ने चोर खुशीराम को करीब 25 किलोमीटर तक पीछा कर अलवर के राजगढ़ में पकड़ लिया। यहां कच्चे रास्तों में चुराई गई जीप पलट गई और चोर भागने लगा। यहां तक कि उसने बचने के लिए पथराव भी किया, लेकिन पुलिस से बच नहीं सका। पुलिस ने बताया कि खुशीराम करौली का रहने वाला है।