प्रदेश में एक शख्स के पास फोन आया। फोन करने वाले ने कहा, हैला—सर आपके नाम लाखों की लॉटरी लगी है। अब आपको इसका पूरा पैसा लेने के लिए ये करना होगा। जोधपुर शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना इलाके के सेक्टर 11 में रहने वाले रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी से इसी तरह साढ़े नौ लाख की ठगी करना सामने आया है।
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड पुलिस ने बताया कि सेक्टर 11/672 में रहने वाले कैलाश माथुर पुत्र बिरदीचंद माथुर रेलवे से सेवानिवृत्त है। बीती 11 जुलाई को उनके मोबाइल पर अनजान शख्स ने फोन कर बताया कि उनके ईनाम में बड़ी राशि खुली है। इसे लेने के लिए वे उसके बताए खाता संख्या 25 सौ रुपए जमा करवा दें, ताकि वे ईनाम की राशि खाते में डलवा सके। इस झांसे में कैलाश माथुर ने 25 सौ रुपए उसके बताए अनुसार खाते में जमा करवा दिए। दो—तीन दिन बाद फिर फोन आया कि खाते में रुपए आ गए हैं।
ऐसे में 12 हजार 600 रुपए दूसरे अन्य खाते में भी वह जमा करवा दे। फिर इसके बाद इस तरह लगातार फोन आते रहे और कैलाश माथुर उस शख्स के कहे अनुसार रुपए विभिन्न खातों में जमा करवाते रहे। इस तरह से कैलाश ने 15 दिन में अलग—अलग खाते में 9 लाख 69 हजार 700 रुपए डलवा दिए। इसके बाद अब वह मोबाइल पर उस शख्स से संपर्क करने की कोशिश करते हैं तो वह बंद आता है। आखिर में थकहारकर कैलाश माथुर ने चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में मामला दर्ज कराया है। अब पुलिस जांच में जुटी है।